साहीडांड के पास मुख्य सड़क पर लटका भारी भरकम लोहे का गेट बना खतरे का कारण हर पल मंडरा रहा है दुर्घटना का खतरा
समय रहते नहीं चेते जिम्मेदार, तो हो सकता है बड़ा हादसा!
मुख्य सड़क पर लटका भारी-भरकम लोहे का गेट बना खतरे का कारण, हर पल मंडरा रहा दुर्घटना का खतरा
बगीचा/साहीडांड - बगीचा-चरईडांड स्टेट मार्ग पर साहीडांड के पास स्थित एनीकट डेम का विशाल लोहे का गेट इन दिनों गंभीर हादसे को आमंत्रण देता नजर आ रहा है। हाल ही में आए तेज तूफान के कारण गेट का एक किनारा टूटकर लटक गया है और पूरा भारी-भरकम फाटक केवल एक तरफ के सहारे टिका हुआ है।
यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और हजारों लोग गुजरते हैं। अनजान राहगीर और वाहन चालक खतरे से बेखबर होकर इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। किसी भी समय गेट का संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से गेट इसी स्थिति में लटका हुआ है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा इसकी मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेते हुए गेट की मरम्मत कराने तथा संभावित दुर्घटना को रोकने की मांग की है।
यदि समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसी भी दिन बड़ी जनहानि हो सकती है और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।








