विधायक रायमुनी भगत ने स्व. दिलीप सिंह जूदेव के मूर्ति स्थापना हेतु बगीचा में की भूमि भूमिपूजन

विधायक रायमुनी भगत ने स्व. दिलीप सिंह जूदेव के मूर्ति स्थापना हेतु बगीचा में की भूमि भूमिपूजन

हिन्दू कुल तिलक स्व. दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन, बगीचा की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

साहीडांड/बगीचा। नगर पंचायत बगीचा के लोटा मोड़ में शनिवार को एक ऐतिहासिक एवं भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने हिंदू कुल तिलक एवं जनप्रिय आदिवासी नेता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा स्थापना के लिए विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किए जाने पर लोगों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए वक्ताओं ने उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

वरिष्ठ भाजपा नेता श्री शंकर प्रसाद गुप्ता ने अपने संबोधन में स्व. जूदेव के साथ बिताए गए अनेक संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे जनजातीय समाज, गरीबों और वंचित वर्गों के हितों के लिए संघर्ष करने वाले युगपुरुष थे। उन्होंने जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में समाज जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और जनसेवा के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया है। उनके कार्य आज भी लाखों लोगों को प्रेरणा देते हैं।

वहीं जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने स्व. जूदेव को गरीबों, आदिवासियों और समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता करने वाला मसीहा बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव एक ऐसे पारसमणि थे जिनके संपर्क और आशीर्वाद से अनेक लोगों को जीवन में नई दिशा और सफलता मिली। उनका व्यक्तित्व संघर्ष, सेवा और समर्पण का प्रतीक था। विधायक ने कहा कि उनकी प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों और जनसेवा के कार्यों से प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि स्वर्गीय जूदेव का जीवन राष्ट्र, धर्म और समाज के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण रहा है। प्रतिमा स्थापना से बगीचा क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा मंडल बगीचा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, मंडल पदाधिकारी, जनपद पंचायत के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा स्थापना के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

भूमि पूजन के साथ ही अब प्रतिमा स्थापना का कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा बगीचा में उनके विचारों, संघर्षों और जनसेवा की विरासत को सदैव जीवित रखेगा।