एग्रीस्टैक में फिसड्डी पड़े कृषि अधिकारी, कलेक्टर की समीक्षा के बाद थमाए गए कारण बताओ नोटिस

एग्रीस्टैक में फिसड्डी पड़े कृषि अधिकारी, कलेक्टर की समीक्षा के बाद थमाए गए कारण बताओ नोटिस

कृषि विभाग के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

एग्रीस्टैक, फार्मर आईडी एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति में लापरवाही पर कार्रवाई

जशपुर, 23 जून 2026/ कलेक्टर की अध्यक्षता में 22 जून 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में एग्रीस्टैक, फार्मर आईडी, लंबित खसरों के निराकरण तथा अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई विकासखंडों में कार्यों की प्रगति अपेक्षित स्तर से काफी कम पाए जाने पर कृषि विभाग ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग, जशपुर द्वारा जारी नोटिस में जशपुर, मनोरा, दुलदुला, कुनकुरी, कांसाबेल, फरसाबहार, बगीचा एवं पत्थलगांव विकासखंडों के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को शामिल किया गया है। समीक्षा बैठक में इन अधिकारियों के कार्यों की प्रगति जिले में सबसे निम्न स्तर पर पाए जाने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

नोटिस में निर्देशित किया गया है कि संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के भीतर एग्रीस्टैक, फार्मर आईडी, लंबित खसरा प्रकरणों एवं अन्य विभागीय योजनाओं में प्रगति सुनिश्चित करें। साथ ही अपने कार्यों के संबंध में स्पष्ट जवाब प्रस्तुत करें।

विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक प्रगति नहीं होने अथवा जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 एवं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के प्रावधानों के तहत विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।