भीतघरा में सड़क निर्माण बना मुसीबत, साइड सोल्डर के मुरुम में फंस रहे भारी वाहन; कई किलोमीटर तक ट्रकों की कतार

भीतघरा में सड़क निर्माण बना मुसीबत, साइड सोल्डर के मुरुम में फंस रहे भारी वाहन; कई किलोमीटर तक ट्रकों की कतार

भीतघरा में सड़क निर्माण बना मुसीबत, साइड सोल्डर के मुरुम में फंस रहे भारी वाहन; कई किलोमीटर तक ट्रकों की कतार

बरसों से जारी सड़क निर्माण और बदहाल साइड सोल्डर से ग्रामीण हलाकान, धूल और जाम ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

भीतघरा। क्षेत्र में बन रही मुख्य सड़क अब ग्रामीणों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क निर्माण कार्य वर्षों से जारी है, लेकिन अब तक लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा नहीं मिल पाई है। सड़क किनारे बनाए जा रहे साइड सोल्डर में डाली गई मुरुम में भारी वाहन लगातार फंस रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि ट्रक, बस और अन्य वाहनों की लंबी कतार सड़क पर लग जा रही है। कई किलोमीटर तक वाहनों के खड़े रहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के पूरे मौसम में सड़क किनारे कीचड़ और नरम मुरुम के कारण वाहन फंसते रहे। अब भी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ है। भारी वाहनों के फंसने से यातायात बाधित होता है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

वहीं दूसरी ओर सड़क निर्माण के चलते उड़ रही धूल ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। सड़क किनारे बसे लोगों के साथ-साथ रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को धूल के गुबार का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों, ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए यह मार्ग मुसीबत बनता जा रहा है।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि यह एक प्रमुख मुख्य मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रक, बस और अन्य वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति का असर दूर-दराज के यात्रियों और आम लोगों पर भी पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मन में अब एक ही सवाल है कि आखिर सड़क निर्माण कब पूरा होगा और उन्हें इस परेशानी से कब निजात मिलेगी? वर्षों से चल रहे निर्माण कार्य के बीच लोगों की उम्मीदें अब जवाब मांग रही हैं। संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी को सड़क निर्माण में तेजी लाने, साइड सोल्डर को मजबूत बनाने तथा धूल से राहत के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की जरूरत है।

फिलहाल भीतघरा की इस सड़क पर सफर करना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। सड़क कब बनेगी और कब आवागमन सुगम होगा, यह अब भगवान भरोसे नजर आ रहा है।