मुख्यमंत्री साय ने गौमाता की पूजा कर दिया प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का संदेश

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने गौमाता की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण, गौसेवा और पर्यावरण संतुलन का देती है संदेश

जशपुर, 10 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने आज कैम्प कार्यालय बगिया में गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। 

उन्होंने गौमाता को तिलक लगाकर पूजा की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की स्मृति में मनाया जाता है। 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को प्रकृति, गौमाता और गोवर्धन पर्वत के महत्व को समझाते हुए इनके प्रति सम्मान और संरक्षण का संदेश दिया था।

पौराणिक कथा के अनुसार, जब इंद्रदेव ने क्रोधित होकर ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों और उनके पशुधन की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। 

सात दिनों तक पर्वत को धारण कर उन्होंने सभी को वर्षा के प्रकोप से सुरक्षित रखा। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा प्रचलित मानी जाती है।

गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व गौमाता की पूजा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने से भी जुड़ा है। 

भारतीय संस्कृति में गाय को पूजनीय माना गया है। 

कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौवंश के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए इस दिन गौमाता की पूजा-अर्चना की जाती है।

गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति संरक्षण, गौसेवा, पर्यावरण संतुलन, अन्न के सम्मान और लोककल्याण का संदेश देती है। यह पर्व प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता तथा उनके संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित करता है।