न लंबी कतार, न चक्कर लगाने की मजबूरी, मोबाइल से घर बैठे कट रहा धान खरीदी का टोकन

न लंबी कतार, न चक्कर लगाने की मजबूरी, मोबाइल से घर बैठे कट रहा धान खरीदी का टोकन

धान खरीदी से खुश हैं किसान, सुविधाजनक हुई टोकन की व्यवस्था

*जशपुरनगर 17 नवंबर 2026 /* मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में 15 नवंबर से प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ की गई है। 

इस बार राज्य शासन ने किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खरीदी केंद्रों में व्यापक व्यवस्थाएं की हैं, जिससे किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच सक रहे हैं।

किसानों की सुविधा के लिए खरीदी केंद्रों में ऑफलाइन टोकन के साथ ही *'टोकन तुहर हाथ' मोबाइल ऐप* के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। अब किसान को टोकन के लिए केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। वे घर बैठे अपने मोबाइल से ही टोकन जारी कर सकते हैं। इससे समय की बचत होने के साथ ही पारदर्शिता भी बढ़ी है और किसानों को अपनी बारी का पहले से पता चल जाता है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में इस वर्ष *₹3100 प्रति क्विंटल* की दर से धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों से प्रदेश के अन्नदाताओं में खुशी का माहौल है।

धान खरीदी केंद्र गढ़ाबहार में किसान भोला यादव ने बताया कि वे भी *'टोकन तुहर हाथ'* मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे अपना टोकन जारी करेंगे। उन्होंने धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। केंद्र में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और तौल की पारदर्शी व्यवस्था से वे काफी खुश नजर आए।

श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों से किया गया वादा निभाया है। ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी होने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और खेती के प्रति उनका भरोसा और बढ़ेगा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिले के अन्य किसानों ने भी राज्य शासन की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस बार टोकन व्यवस्था पूरी तरह सुविधाजनक है। न बिचौलियों की चिंता है और न ही लंबी कतारों की परेशानी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार लगातार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है।