बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय समाज ने मुख्यमंत्री के सामने रखीं चार बड़ी मांगें
बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय समाज ने मुख्यमंत्री के सामने रखीं चार बड़ी मांगें
रायगढ़ के धर्मजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, समाज प्रमुखों का शाल-श्रीफल से हुआ सम्मान
साहीडांड -भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में राज्य स्तरीय गौरव दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे आयोजन में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुखों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा जी के त्याग, संघर्ष, साहस और आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज की एकता, संस्कृति और अधिकारों को मजबूत बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की ओर से समाजहित से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। मुंडा समाज के प्रांत अध्यक्ष श्री शंकर राम बरला, खरवार समाज के प्रांत अध्यक्ष श्री वीर सिंह, नागवंशी समाज के प्रांत अध्यक्ष श्री लखीराम तथा भुईहर समाज के प्रांत अध्यक्ष श्री वीरेंद्र नाग ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपकर भगवान बिरसा मुंडा जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के लिए चार प्रमुख मांगें रखीं।
मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं गईं चार प्रमुख मांगें
1. पाठ्यक्रम में शामिल हो बिरसा मुंडा की जीवनी: प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के पाठ्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा जी की जीवनी और उनके ऐतिहासिक योगदान को शामिल किया जाए, ताकि विद्यार्थी बचपन से ही उनके संघर्ष और आदर्शों से परिचित हो सकें।
2. रायपुर में स्थापित हो भव्य प्रतिमा: राजधानी रायपुर के किसी प्रमुख एवं व्यस्ततम चौक पर भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा स्थापित की जाए और उस चौक का नामकरण 'बिरसा मुंडा चौक' किया जाए।
3. महाविद्यालय, स्टेडियम या अस्पताल का हो नामकरण: प्रदेश के किसी महाविद्यालय, स्टेडियम अथवा अस्पताल का नाम भगवान बिरसा मुंडा जी के नाम पर रखा जाए, ताकि उनका नाम और योगदान सदैव स्मरणीय बना रहे।
4. राजधानी में बने जनजातीय गौरव भवन: रायपुर में भगवान बिरसा मुंडा जी की स्मृति में एक भव्य गौरव भवन का निर्माण कराया जाए। इस भवन में प्रदेशभर से आने वाले जनजातीय समाज के लोगों को विशेष परिस्थितियों में ठहरने की सुविधा मिले। साथ ही भवन का संचालन एवं नियंत्रण आदिम जाति कल्याण विभाग को सौंपा जाए।
जनजातीय अस्मिता और गौरव से जुड़ी हैं मांगें
समाज प्रमुखों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि समाज के स्वाभिमान, संघर्ष, अधिकार और एकता के प्रतीक हैं। उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
राज्य स्तरीय गौरव दिवस के इस अवसर पर जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों द्वारा रखी गई ये चार मांगें केवल स्मारक या नामकरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनजातीय इतिहास, पहचान, सम्मान और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। अब समाज को मुख्यमंत्री से इन मांगों पर सकारात्मक पहल और निर्णय की उम्मीद है।





















