प्रयास आवासीय विद्यालय में 9वीं प्रवेश की द्वितीय काउंसलिंग 16 से 20 अगस्त तक
*प्रयास आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग 16 से 20 अगस्त तक*
*विभागीय वेबसाइट पर द्वितीय काउंसलिंग के लिए चयनित छात्रों की सूची एवं काउंसलिंग की तिथि की गई है प्रदर्शित*
जशपुरनगर, 16 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर द्वितीय काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं काउंसलिंग की तिथि प्रदर्शित की गई है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग जशपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में द्वितीय काउंसलिंग 16 अगस्त से 20 अगस्त तक प्रयास आवासीय विद्यालय डौडकाचौरा, जशपुर नगर में आयोजित होगी। काउंसलिंग का समय प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। संबंधित छात्र-छात्राओं को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) से उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक व प्राचार्य द्वारा जारी कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अल्पसंख्यक वर्ग के अंतर्गत आने वाले विद्यार्थियों को 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी द्वारा सत्यापित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे होने, अनाथ बच्चे होने, विधवा माता के बच्चे होने अथवा देश की रक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल या सैनिक के बच्चे होने संबंधी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है। काउंसलिंग के पश्चात संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता होने पर विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी के काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।








