50 छात्राओं के बयानों ने खोली प्रोफेसर की पोल! जांच के बाद हुआ तत्काल निलंबन

50 छात्राओं के बयानों ने खोली प्रोफेसर की पोल! जांच के बाद हुआ तत्काल निलंबन

50 छात्राओं की शिकायतों के बाद प्रोफेसर अजय गुप्ता निलंबित, छेड़छाड़ व अभद्र व्यवहार के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए

अंबिकापुर/जशपुर। जिले के एक महाविद्यालय में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोपों के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर अजय गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला प्रशासन की जांच में करीब 50 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए, जिनमें छात्राओं ने अजय गुप्ता पर कथित रूप से छेड़छाड़, अनुचित स्पर्श और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए।

जिला प्रशासन द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर सरगुजा संभाग के आयुक्त ने कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई 2026 को निलंबन आदेश जारी किया। आदेश में उल्लेख किया गया है कि जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत अजय गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय क्षेत्रीय संचालक, उच्च शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

मामले के सामने आने के बाद महाविद्यालय परिसर सहित पूरे जिले में इसकी व्यापक चर्चा है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब विभागीय जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। निलंबन आदेश की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा विभाग, कलेक्टर जशपुर, क्षेत्रीय संयुक्त संचालक उच्च शिक्षा, संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।