जशपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की हुंकार, 5 सूत्रीय मांगों पर सरकार से समयबद्ध फैसले की मांग

जशपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की हुंकार, 5 सूत्रीय मांगों पर सरकार से समयबद्ध फैसले की मांग

जशपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की हुंकार, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर निकाली रैली

रणजीता स्टेडियम चौक से कलेक्ट्रेट तक गूंजा आंदोलन का स्वर, मुख्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्री और विभागीय सचिव के नाम सौंपा ज्ञापन

जशपुर, 27 अक्टूबर 2026। संयुक्त मंच के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को जशपुर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल, धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, पंजीयन क्रमांक 409 के बैनर तले जिलेभर की सैकड़ों कार्यकर्ता-सहायिकाएं रणजीता स्टेडियम चौक, जशपुर में एकत्रित हुईं और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

रणजीता स्टेडियम चौक से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली

धरना-प्रदर्शन के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर जशपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव के नाम संबोधित था।

ज्ञापन के माध्यम से संयुक्त मंच की पांच सूत्रीय मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर शासन को संवेदनशीलता के साथ विचार कर उचित पहल करनी चाहिए।

मानदेय, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे उठाए

संघ ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बच्चों के पोषण, महिलाओं के कल्याण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने में उनका योगदान अहम है।

इसके बावजूद कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय, सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषय अब भी समाधान की प्रतीक्षा में हैं। संघ ने शासन से इन मुद्दों पर ठोस पहल करने और पांच सूत्रीय मांगों के संबंध में समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की।

पदाधिकारियों ने सरकार को दिया स्पष्ट संदेश

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी निशा सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका और उनकी मांगों को लेकर अपनी बात रखनी शुरू की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुबह से ही विभागीय दायित्वों के निर्वहन में जुटी रहती हैं और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।