Chief Minister's announcement now becoming reality: State-of-the-art bus stands taking shape at Bandarchua and Duldula.
*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की घोषणा को मिल रहा अमलीजामा, बंदरचूआ और दुलदुला में बन रहे अत्याधुनिक बस स्टैंड*
*एक-एक करोड़ रुपए की मिली है स्वीकृति, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा*
जशपुरनगर, 28 सितंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए जशपुर जिले के बंदरचूआ एवं दुलदुला में अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बस स्टैंड के निर्माण के लिए दोनों स्थानों पर एक-एक करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक यात्री प्रतीक्षालय सहित बेहतर बस स्टैंड की सुविधा उपलब्ध होगी।नए बस स्टैंड के निर्माण से यात्रियों को बसों के इंतजार के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। साथ ही बसों के आवागमन, ठहराव एवं संचालन के लिए निर्धारित व्यवस्था विकसित होने से क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को भी बेहतर और सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
*यात्रियों की सुविधा के साथ परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर जोर*
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क एवं परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक बस स्टैंड विकसित किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक अधोसंरचना तैयार हो सके।
*पत्थलगांव और कुनकुरी में भी अत्याधुनिक बस स्टैंड की स्वीकृति*
जिले में आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण की दिशा में पत्थलगांव और कुनकुरी में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। पत्थलगांव में अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए तथा कुनकुरी में हाईटेक बस स्टैंड के निर्माण के लिए 7 करोड़ 20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन बस स्टैंडों के निर्माण से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही बसों के आवागमन और ठहराव की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी। इससे जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।





















