बादलखोल मार्ग की बदहाली, जगह जगह गड्ढों की बरसात बाद भी मरम्मत नही करने पर राहगीरों में नाराजगी
बादलखोल मार्ग की बदहाली पर भड़के ग्रामीण, जगह-जगह गड्ढों से राहगीर परेशान
बरसात खत्म होने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं, वन विभाग की अनदेखी पर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी,
साहीडांड। नारायणपुर रेंज अंतर्गत सर्कल बेंद एवं सर्कल सरबकोम्बो के बादलखोल अभ्यारण्य क्षेत्र के डेगाडेगी मार्ग की बदहाल स्थिति से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। बरसात के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं होने से क्षेत्रवासियों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।
गौरतलब है कि बरसात समाप्त होने के बाद डेगाडेगी मार्ग से तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में क्षेत्र के लोगों को समय और दूरी दोनों की बचत होती है। यही वजह है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है। लेकिन सड़क की जर्जर हालत के चलते राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात के बाद सड़क के गड्ढों की मरम्मत कर आवागमन सुचारु किया जाता है, लेकिन इस बार अब तक कोई पहल नहीं की गई है।
इस मामले को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिश कुमार आरिक ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होते ही आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़कों का सुधार कराया जाना चाहिए, लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण आज भी ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह आम जनता की सुविधा के प्रति घोर लापरवाही है।
मंडल अध्यक्ष आरिक ने बताया कि सड़क की समस्या से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के लिए फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन विभाग के कर्मचारियों ने फोन उठाना तक उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्या पर अधिकारियों की ऐसी उदासीनता दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि बादलखोल अभ्यारण्य के डेगाडेगी मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।





















