इजराइल में नौकरी का सुनहरा मौका: जशपुर के युवाओं के लिए 3500 पदों पर भर्ती, 2 लाख तक मिलेगा वेतन
*जिले के शिक्षित बेरोजगारों के लिए इजराइल में रोजगार का सुनहरा अवसर, 3500 पदों पर होगी भर्ती*
*दो वर्षीय अनुबंध पर मिलेगी नौकरी, लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह तक का वेतन*
जशपुरनगर, 10 जून 2026/ जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए विदेश में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। जिला रोजगार अधिकारी से मिली जानकारी अनुसार इजराइल में वृद्धजन एवं दिव्यांगजनों की देखभाल के लिए 3500 पदों पर भर्ती की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को दो वर्ष की अनुबंध अवधि के लिए रोजगार प्रदान किया जाएगा तथा अनुबंध का नवीनीकरण भी संभव होगा। भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है।
उम्मीदवार को बेसिक अंग्रेजी का ज्ञान, न्यूनतम तीन वर्ष का वैध पासपोर्ट, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। न्यूनतम लंबाई 1.5 मीटर तथा वजन 45 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। साथ ही अभ्यर्थी ने पूर्व में इजराइल में कार्य नहीं किया हो। वांछनीय योग्यताओं में जीडीए (जनरल ड्यूटी असिस्टेंट), एएनएम, जीएनएम, बी.एससी. नर्सिंग, पोस्ट बी.एससी. नर्सिंग, फिजियोथेरेपी तथा नर्स असिस्टेंट मिडवाइफरी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 6443.85 एनआईएस लगभग दो लाख रुपये प्रतिमाह का सकल वेतन मिलेगा। वेतन से मेडिकल, आवास, भोजन एवं अन्य निर्धारित मदों की कटौतियां की जाएंगी। कर्मचारियों को आवास, भोजन, मेडिकल इंश्योरेंस, 9 राष्ट्रीय अवकाश, 16 दिन का वार्षिक अवकाश तथा सप्ताह में 6 कार्य दिवस की सुविधा मिलेगी।
कार्य की जिम्मेदारियों में वृद्धजन एवं दिव्यांगजनों की देखभाल, नहलाना, कपड़े बदलना, भोजन बनाना एवं खिलाना, दवा देना, बाहर ले जाना, खरीदारी करना तथा अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करना शामिल है। भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत एनएसडीसी पंजीयन, मेडिकल जांच, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट, पासपोर्ट शुल्क, वीडियो इंटरव्यू शुल्क, वीजा शुल्क, फ्लाइट टिकट तथा अन्य निर्धारित शुल्क देय होंगे। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा मोबाइल नंबर 8871202145 पर भी संपर्क कर सकते हैं।








