सात दिवसीय NSS शिविर का भव्य समापन, स्वयंसेवकों ने सेवा और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश
सात दिवसीय NSS शिविर का भव्य समापन, स्वयंसेवकों ने सेवा और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश
जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय बोलीं– समयबद्धता ही सफलता का सूत्र, सात दिनों तक गांव में चला स्वच्छता, नशामुक्ति और समाजसेवा का अभियान
साहीडांड - स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय नारायणपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम कुडूकेला में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित इस शिविर में स्वयंसेवकों ने सेवा, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया।
समापन समारोह का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप एवं धूप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत कुनकुरी की अध्यक्ष सुशीला साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि समयबद्धता ही सफलता का सूत्र है। जीवन में अनुशासन और समय का सदुपयोग व्यक्ति को सफलता की ओर ले जाता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाजसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा पुरस्कार भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया।
शिविर के सात दिनों के दौरान स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति, टीबी मुक्त युवा अभियान, दहेज प्रथा उन्मूलन, मतदाता जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, डिजिटल साक्षरता, युवा भारत, सोखता गड्ढा निर्माण, सड़क समतलीकरण, स्वच्छता पखवाड़ा, गाजर घास उन्मूलन एवं प्रकृति संरक्षण जैसी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और टोली संचालन के माध्यम से सामूहिक नेतृत्व एवं सामाजिक सहभागिता का परिचय दिया।
जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर के पूज्य उत्साही राम जी ने देश और समाज के सर्वांगीण विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। शिविरों का नियमित आयोजन होना चाहिए तथा महापुरुषों के आदर्श वचनों को जीवन में आत्मसात कर उनके अनुरूप आचरण करना चाहिए।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुनकुरी सुदर्शन पैकरा ने कहा कि शिविर की दिनचर्या और अनुशासन का पालन जीवन में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा देता है। वहीं असलम आजाद ने राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों को समाज के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। डीडीसी मलिता बाई ने स्वयंसेवकों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान एवं अन्य जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की प्राचार्य अगुस्टीना तिग्गा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में हो रहे सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करते हैं। स्वयंसेवक मुकेश यादव एवं प्रतिमा यादव ने सात दिवसीय शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार यादव, स्वयंसेविका अंजना बाई एवं उज्जवल कुशवाहा ने किया। शिविर का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार यादव, सहायक कार्यक्रम अधिकारी हसीबुद्दीन राइन एवं प्राचार्य अगुस्टीना तिग्गा के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुडूकेला के सरपंच संपतराम, उपसरपंच हामिद अंसारी, प्राचार्य सरबकोंबो महेश केरकेट्टा, अमित जैन, संकुल समन्वयक अफसर हसन राईन, नीतेश कुमार सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं अरुणा बाई, संगीता तिर्की, इकबाल खान, कलारेट एक्का, एडमा टोप्पो, कुमुदिना टोप्पो, ममता नायक, दीपक एक्का, ममता एक्का, खगेश्वर चक्रेश, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला कुडूकेला के प्रधान पाठक, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सात दिवसीय शिविर का समापन सेवा, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों के प्रति नई ऊर्जा एवं संकल्प के साथ हुआ।





















