जशपुर में अब झींगा मछली पालन से मत्स्य कृषकों को मिलेगा दोहरा लाभ
*झींगा पालन से जशपुर के मत्स्य कृषकों को मिलेगा दोहरा लाभ*
*40 अनुसूचित जनजाति हितग्राहियों को झींगा बीज का वितरण, 25 हेक्टेयर क्षेत्र में होगा झींगा एवं मछली का एकीकृत पालन*
**जशपुरनगर, 24 नवंबर 2026/** जशपुर जिले में मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी एवं रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से परंपरागत मछली पालन के साथ आधुनिक तकनीक आधारित झींगा पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले में उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मत्स्य कृषकों की आय में वृद्धि करने तथा उनकी आजीविका को सशक्त बनाने के लिए विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है।
इसी कड़ी में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित निजी एवं पट्टे पर प्राप्त तालाबों में मत्स्य पालन करने वाले 40 अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को झींगा पालन के लिए चिन्हित किया गया है। योजना के तहत कुल 25 हेक्टेयर क्षेत्र में मछली एवं झींगा का एकीकृत पालन (पॉलीकल्चर) किया जाएगा। इस संबंध में 23 नवंबर 2026 को मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बाघिमा, जशपुर में मत्स्य कृषकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषकों को झींगा पालन की आधुनिक तकनीक, तालाब प्रबंधन, बीज संचयन एवं उत्पादन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही चयनित हितग्राहियों को झींगा बीज का वितरण भी किया गया।
योजना के अंतर्गत मत्स्य कृषकों को झींगा पालन के लिए विभाग की ओर से प्रति हेक्टेयर लागत पर 60 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा। इसके माध्यम से कृषक अपने तालाबों में कतला एवं रोहू जैसी प्रमुख मछली प्रजातियों के उत्पादन के साथ-साथ मीठे जल में झींगा पालन भी कर सकेंगे। झींगा की बाजार में अच्छी मांग एवं अपेक्षाकृत अधिक मूल्य होने से कृषकों को एक ही तालाब से दो प्रकार के मत्स्य उत्पाद प्राप्त होंगे, जिससे उनकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।
विभागीय आकलन के अनुसार इस पद्धति से मत्स्य कृषक प्रति हेक्टेयर लगभग 3.32 लाख रुपये से 5.32 लाख रुपये तक लाभ अर्जित कर सकते हैं। इससे न केवल मत्स्य पालन की उत्पादकता एवं आर्थिक लाभ में वृद्धि होगी, बल्कि जनजातीय कृषकों के लिए अतिरिक्त आय, स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।





















