मितानिन दिवस पर सरपंच शंकर बारला ने मितानिन बहनों का किया सम्मान, साड़ी और श्रीफल भेंटकर बढ़ाया उत्साह
मितानिन दिवस पर सरपंच शंकर बारला ने मितानिन बहनों का किया सम्मान, साड़ी और श्रीफल भेंटकर बढ़ाया उत्साह
साहीडांड। विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत बच्छरांव में मितानिन दिवस के अवसर पर मितानिन महिलाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच शंकर बारला ने गांव में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली मितानिन बहनों को साड़ी एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सरपंच शंकर बारला ने कहा कि मितानिन महिलाएं ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। वे गर्भवती माताओं की देखभाल से लेकर प्रसव के दौरान दिन-रात हरसंभव सहयोग करती हैं। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गांव में छोटे-मोटे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के समय प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने और ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में भी उनका योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ करती हैं। उनका कार्य केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण है।
कार्यक्रम में उपसरपंच केदार यादव, ग्राम पंचायत के सभी पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मितानिन बहनों के सेवाभाव और योगदान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।





















