*भारत के अंतरिक्ष गौरव ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का आज जशपुर आगमन,10 हजार बच्चों से करेंगे अपने अंतरिक्ष अनुभव को साझा*
*अंतरिक्ष संगवारी : भारत के अंतरिक्ष गौरव ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का 4 फरवरी को जशपुर आगमन*
*10 हजार बच्चों से अपने अंतरिक्ष अनुभव को करेंगे साझा*
*विभिन्न प्रेरणादायी अंतरिक्ष कार्यक्रम का होगा आयोजन*
जशपुरनगर 03 फरवरी 2026/ भारत के गौरव एवं अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में देश का नाम रोशन करने वाले ग्रुप कैप्टन, भारतीय वायुसेना एवं गगनयात्री श्री शुभांशु शुक्ला का जशपुर आगमन 4 फरवरी को होगा। इस अवसर पर रणजीता स्टेडियम, जशपुर में इंडिया इन स्पेस थीम पर सुबह 10 बजे अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में विज्ञान, तकनीक तथा राष्ट्रगौरव की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री शुक्ला 10 हजार बच्चों से अपने अंतरिक्ष अनुभव साझा करेंगे। उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक, विधानसभा पत्थलगांव एवं उपाध्यक्ष, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय द्वारा की जाएगी। वहीं विधायक, विधानसभा क्षेत्र जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अध्यक्ष, जिला पंचायत जशपुर श्री सालिक साय, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड श्री शम्भूनाथ चक्रवर्ती, सदस्य, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग श्रीमती प्रियम्वदा सिंह जूदेव, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल श्री राम प्रताप सिंह, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम श्री सुरेन्द्र बेसरा, अध्यक्ष, नगरपालिका परिषद् जशपुर श्री अरविन्द भगत, उपाध्यक्ष, नगरपालिका परिषद् जशपुर श्री यशप्रताप सिंह जूदेव तथा अध्यक्ष, जनपद पंचायत जशपुर श्री गंगाराम भगत शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त सर्व जिला पंचायत सदस्य, सर्व जनपद पंचायत सदस्य एवं नगरपालिका परिषद् जशपुर के सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
*शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष से जुड़ी प्रेरक यात्रा का साझा करेंगे अनुभव* -
अंतरिक्ष में भारत का नाम रोशन करने वाले वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को ए एक्स 4 मिशन के दौरान असाधारण साहस दिखाने के लिए 77वें गणतंत्र दिवस पर अशोक चक्र से सम्मानित किया गया है। 18 दिन तक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर रहकर उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रयोगों को अंजाम दिया। यह भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि रही। अंतरिक्ष यात्री श्री शुभांशु शुक्ला विद्यार्थियों से अपने अंतरिक्ष सफर, प्रशिक्षण, चुनौतियों और भारत के बढ़ते अंतरिक्ष कार्यक्रमों पर संवाद करेंगे। वे बताएंगे कि किस तरह विज्ञान, अनुशासन और नवाचार के बल पर भारत अंतरिक्ष अनुसंधान में वैश्विक पहचान बना रहा है। यह संवाद विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्रनिर्माण के प्रति उत्साह बढ़ाएगा। उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम जशपुर के विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान से सीधे संवाद का दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा और ‘इंडिया इन स्पेस’ के संदेश को जमीनी स्तर तक पहुँचाएगा।
*छात्रों के लिए विविध बौद्धिक व रचनात्मक गतिविधियाँ* -
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों के लिए बौद्धिक प्रतियोगिताएँ, नारा लेखन, चित्रकारी, निबंध, रंगोली और स्केच एक्टिविटी आयोजित होंगी। साथ ही विद्यार्थियों के आकर्षण के लिए सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे, जहाँ वे ‘इंडिया इन स्पेस’ थीम के साथ यादगार क्षण संजो सकेंगे। कार्यक्रम स्थल पर अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी। अंतरिक्ष संगवारी जैसे कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टि, रचनात्मकता और राष्ट्रीय गौरव को सुदृढ़ करते हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि आयोजन अनुकरणीय और स्मरणीय बने।








