आकांक्षा टोप्पो को कोर्ट से राहत नहीं, जमानत खारिज कर भेजा गया जेल
*
*सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को जमानत नहीं, जेल भेजने का आदेश*
*आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी पर गरमाया अंबिकापुर, कोर्ट में विरोध-समर्थन के नारे*
*आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी से मचा सियासी बवाल, 8 को सर्व आदिवासी समाज की रैली*
लोक सीजी न्यूज जशपुर/अंबिकापुर, 7 अक्टूबर 2026, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को आखिरकार जेल भेज दिया गया। अंबिकापुरकी कोतवाली पुलिस ने बुधवार को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान स्थिति गहमागहमी भरी रही। आकांक्षा के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी थी, जबकि उनके समर्थन में आदिवासी समाज के लोग भी मौजूद रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आकांक्षा के खिलाफ नारेबाजी की, वहीं समर्थकों ने उनके पक्ष में नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए पुलिस को आकांक्षा टोप्पो को सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश करना पड़ा। इस दौरान अधिवक्ताओं की ओर से भी जमानत का विरोध किया गया।
पुलिस ने आकांक्षा को व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी गुलापन राम यादव की अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने जमानत देने से इनकार करते हुए उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। कोर्ट से जेल ले जाते समय भी परिसर में उनके विरोध और समर्थन में नारेबाजी होती रही।
मामला गंगापुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने 4 अक्टूबर को आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं और मंत्रियों को लेकर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के संबंध में यह कार्रवाई की गई।
विभिन्न थानों में 7 मामले दर्ज, गिरफ्तारी के विरोध में आदिवासी समाज का प्रदर्शन
पुलिस के मुताबिक, जशपुर के इचकेला गांव कीअल निवासी आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ सरगुजा, सीतापुर, रामानुजगंज सहित अन्य थानों में कुल 7 अपराध दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर उन्हें पहले भी समझाइश दी जाती रही, लेकिन इसके बावजूद भाषा शैली में बदलाव नहीं आया।
सर्व आदिवासी समाज ने किया विरोध, 8 को रैली
वहीं, आकांक्षा की गिरफ्तारी का सर्व आदिवासी समाज ने विरोध किया है। समाज की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से 8 अक्टूबर को प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। जारी संदेश के अनुसार, समाज के लोग पीजी कॉलेज में एकत्र होकर रैली के रूप में अंबेडकर चौक, गांधी चौक और घड़ी चौक होते हुए कलेक्टोरेट की ओर कूच करेंगे।
कोर्ट परिसर में आकांक्षा के समर्थन और विरोध में जुटी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई।





















