सेवानिवृत के दिन ही पटवारी बोनोफास खलखो को मिला पीपीओ,,34 वर्ष की सेवा का सम्मान शाल श्रीफल भेंट कर दी गयी विदाई
*सेवानिवृत्ति के दिन ही पटवारी बोनिफास खल्खो को मिला पीपीओ*
*34 वर्षों की सेवा का सम्मान, शाल-श्रीफल भेंट कर दी गई विदाई*
जशपुरनगर 30 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार राजस्व विभाग में एक सराहनीय पहल के तहत सेवानिवृत्त पटवारी श्री बोनिफास खल्खो को उनके सेवानिवृत्ति दिवस पर ही अंतिम पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान किया गया। यह पहल शासन की मंशानुरूप समयबद्ध सेवा वितरण का उत्कृष्ट उदाहरण बनी है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुनकुरी द्वारा श्री खल्खो के सेवानिवृत्ति अवसर पर उन्हें सम्मानपूर्वक पीपीओ प्रदान किया गया। साथ ही शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घकालीन योगदान का सम्मान किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
एसडीएम कुनकुरी श्री नंदजी पांडे ने बताया कि श्री बोनिफास खल्खो ने 13 जुलाई 1991 को रायगढ़ में पटवारी पद पर अपनी सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 34 वर्षों की दीर्घ एवं निष्ठापूर्ण सेवा अवधि में उन्होंने बगीचा, कांसाबेल, पत्थलगांव एवं कुनकुरी सहित विभिन्न स्थानों पर कार्य करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन किया। उनके कार्यकाल में जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता एवं प्रशासनिक दक्षता सदैव प्रशंसनीय रही। इस अवसर पर यह संदेश भी दिया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के समय सभी देय लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है। श्री खल्खो की सेवाएं राजस्व विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी और उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।








