बगीचा में शिक्षकों का हल्लाबोल, मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन के बाद निकाली बाइक रैली
बगीचा में शिक्षकों का हल्लाबोल, मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन के बाद निकाली बाइक रैली
TET की अनिवार्यता पर सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति दूर करने और पूर्व सेवा लाभ की उठी मांग; एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जशपुर/बगीचा, 22 अगस्त 2026। शिक्षक साझा मंच के बैनर तले बगीचा में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने धरना स्थल पर एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और शासन-प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने बाइक रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। रैली के माध्यम से प्रशासन का ध्यान शिक्षकों की लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित किया गया। इसके पश्चात शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम समीर बड़ा को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
TET की अनिवार्यता पर सेवा सुरक्षा की मांग
शिक्षकों ने सेवारत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता के मामले में सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग प्रमुखता से रखी। शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के हितों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए शासन को इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
इसके साथ ही सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने तथा पूर्व सेवा की गणना करते हुए संबंधित शिक्षकों को उनके समस्त सेवा लाभ प्रदान करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी गई।
लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग
शिक्षकों ने कहा कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे में शिक्षक हित में शासन को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र उचित निर्णय लेना चाहिए। धरना-प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए मांगों के निराकरण के लिए प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपील की।
शिक्षक साझा मंच ने उम्मीद जताई कि शासन-प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा। एसडीएम को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब शिक्षकों की नजर शासन-प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।
धरना-प्रदर्शन एवं रैली के दौरान फेडरेशन ब्लॉक अध्यक्ष पुरन्दर यादव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अर्चना शर्मा, श्रीमती ज्योति खर्चे, श्रीमती खुशबू शर्मा, श्रीमती गीता यादव, श्रीमती कमला भगत, श्री लक्ष्मी प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।





















