बगीचा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत 13 जोड़ी का हिन्दु रीतिरिवाज से तो 7 जोड़ी का मिशन रीतिरिवाज से विवाह हुआ संपन्न
बगीचा - विकास खंड बगीचा के आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रांगण बगीचा मे "मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना" अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त आयोजन में जशपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए कुल 20 जोड़ों का वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। हर्ष का विषय यह है कि उक्त कार्यक्रम में 7 ईसाई जोड़े भी शामिल थे। 1 दिव्यांग जोड़ा (मूकबधिर) भी वैवाहिक बंधन में शामिल रहा। यह कार्यक्रम भारत की एकता एवं अखंडता का प्रतीक बना।
उपरोक्त कार्यक्रम की शुरुवात जोड़ो के पंजीकरण एवं श्रृंगार सामग्री वितरण से हुई। सर्वप्रथम ईसाई पद्दति से 7 जोड़ों का विवाह पास्टर सिकंदर टोप्पो द्वारा सम्पन्न कराया गया। तत्पश्चात वर-वधु को प्राथमिकता से भोजन कराकर 13 वरों की बारात निकली गई। बाजा-गाजा के साथ वर सहित, बारातियों एवं अतिथियों ने खूब ठुमके लगाए। महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा द्वारचार कर समस्त वर का स्वागत किया गया। महाराज जी द्वारा सामूहिक रूप से 13 हिन्दू जोड़ों का वैवाहिक कार्यक्रम, पाणिग्रहण, हवन एवं फेरों सहित, सात वचन दिलाते हुए पूर्ण किया गया।
परिणय सूत्र में बंधे समस्त 20 जोड़ों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रु 35,000 वधु के बैंक खाते में, उपहार सामग्री एवं प्रमाण पत्र के साथ-साथ परिजनों ने भी 'टिकावन' के रूप में साड़ी, लिफाफा आदि समस्त जोड़ों को अत्यंत उत्साह के साथ प्रदान किया। गौरतलब है कि आयोजित "मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना" अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम की राशि प्रति जोड़ा रु 50,000 हो गई है। अतः समस्त जोड़ों को रु 7,000 की श्रृंगार सामग्री, रु 35,000 का चेक एवं आयोजन अथवा परिवहन हेतु शेष राशि प्रदान की गई है। अतिथियों के स्वागत पश्चात उनके आशीर्वचन, वैवाहिक प्रमाण पत्र वितरण तथा वधुओं की विदाई के साथ कार्यक्रम का अंत, परियोजना अधिकारी के धन्यवाद अर्पण से हुआ।
जोड़ों का उत्साहवर्धन एवं उन्हें आशीर्वाद देने हेतु जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका टोप्पो जी, ज़िला पंचायत सदस्य सुश्री आशिका कुजूर जी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश जी, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता जी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम जी, ज़िला महामंत्री भाजपा मुकेश शर्मा जी, सैनिक बोर्ड अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता जी, जनपद सदस्य सविता नागेश जी, CEO बगीचा, BEO बगीचा, BRCC संयोजक, विभिन्न विभाग के पदाधिकारीगण, पत्रकार गण एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हुए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी श्री श्रेष्ठ शंभरकर जी, समस्त पर्यवेक्षक गण, ऑफिस स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, जोड़ों के परिजन एवं अन्य लोगों ने सफलतापूर्वक आयोजन सम्पन्न कराया।








