*अनुराग दास ने सरगुजा ओलम्पिक के जिला स्तरीय खेल पर प्रथम स्थान हासिल कर रचा नया कीर्तिमान,शिक्षकों ने कहा ऐसे खिलाडियों से संस्था सहित क्षेत्र को मिलता है पहचान*
साहीडांड-13 फरवरी 2026 :- ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शासन द्वारा सरगुजा ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से गांवों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर के होनहार खिलाड़ी अनुराग दास ने सरगुजा ओलम्पिक के जिला स्तरीय प्रतियोगिता में गोला फेंक स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, गांव और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। अनुराग की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के बाद विद्यालय पहुंचने पर अनुराग दास का शालेय परिवार द्वारा मेडल पहनाकर और शुभकामनाएं देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मोहमद एकबाल खान ने अनुराग को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी द्वारा खेल, शिक्षा या अन्य किसी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने से न केवल विद्यालय बल्कि परिवार, समाज, ब्लॉक और पूरे जिले को नई पहचान मिलती है। ऐसे होनहार खिलाड़ी अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।
उल्लेखनीय है कि अनुराग दास इससे पहले भी जूनियर खिलाड़ी के रूप में राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन कर चुके हैं। सरगुजा ओलम्पिक में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने अनुराग की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि अनुराग आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करेंगे।








