मुसीबत की घड़ी में बारिश के बीच मौके पर पहुंचे जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, एसडीएम से की तत्काल राहत की पहल

बारिश ने छीना गरीब परिवार का आशियाना, मलबे में तब्दील हुआ वर्षों का सहारा
मुसीबत की घड़ी में बारिश के बीच मौके पर पहुंचे जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, एसडीएम से की तत्काल राहत की पहल

बगीचा। लगातार हो रही भारी बारिश ने एक गरीब परिवार की जिंदगी पर मुसीबत का पहाड़ खड़ा कर दिया। सड़क किनारे स्थित सिरजू का कच्चा मकान तेज बारिश के बीच अचानक भरभराकर ढह गया। देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया परिवार का आशियाना मलबे में तब्दील हो गया। मकान के साथ खपरैल, लकड़ियां और घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त होने से परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता बारिश के बीच स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया और पीड़ित सिरजू एवं उनके परिवार से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली। इस दौरान परिवार की स्थिति और मलबे में तब्दील घर का दृश्य बेहद मार्मिक रहा।
एक तरफ लगातार बरसता पानी और दूसरी तरफ टूटे घर के बीच परिवार के सामने अब सुरक्षित सिर छिपाने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे कठिन समय में जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति का नियमानुसार आकलन कराकर प्रशासन के माध्यम से राहत एवं आवश्यक सहायता दिलाने के लिए तत्काल पहल की जाएगी।
मौके से ही एसडीएम से की बात
जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने मौके से ही बगीचा एसडीएम श्री समीर बाड़ा से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने प्रभावित गरीब परिवार की स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत पहुंचाने तथा आवश्यक प्रकरण तैयार कराने का आग्रह किया।
एसडीएम ने भी मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बारिश के बीच जनप्रतिनिधि के मौके पर पहुंचने और प्रशासन तक परिवार की समस्या पहुंचाने से पीड़ित परिवार को राहत की उम्मीद जगी है।