जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पहाड़ी कोरवा बस्ती में सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात'
जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पहाड़ी कोरवा बस्ती में सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात'
बगीचा। भारतीय जनता पार्टी के बगीचा मंडल अंतर्गत सरबकोम्बो शक्ति केंद्र के बूथ क्रमांक 149 स्थित कुहापानी पहाड़ी कोरवा बस्ती में रविवार को जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने विशेष पहाड़ी कोरवा जनजाति के ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि देशवासियों को जोड़ने वाला प्रेरणादायी मंच है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के प्रेरणादायक कार्यों, नवाचारों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पहाड़ी कोरवा समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और राष्ट्रहित, विकास तथा सामाजिक भागीदारी से जुड़े संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि 'मन की बात' समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक सोच और जनभागीदारी का संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
अरविंद गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं आज दूरस्थ वनांचल और विशेष पिछड़ी जनजातियों तक पहुंच रही हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने "राष्ट्र प्रथम" के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान पहाड़ी कोरवा समाज के ग्रामीण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








