सेवा का सम्मान, समर्पण को सलाम: कविता यादव की पहल पर हर साल सम्मानित होंगी सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी दीदियां
स्थापना दिवस पर सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका दीदियों का सम्मान
जशपुर। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजीयन क्रमांक 409 के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न परियोजनाओं एवं सेक्टरों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में परियोजना लोदाम के सेक्टर लोदाम तथा परियोजना लुड़ेग में सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दीदियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका दीदियों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा आंगनबाड़ी एवं महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में दी गई वर्षों की सेवाओं और योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया।
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में संघ के संस्थापक श्री देवेंद्र पटेल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई। कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में संघ की पदाधिकारी, परियोजना एवं सेक्टर स्तर की कार्यकर्ता-सहायिकाएं तथा सेवानिवृत्त दीदियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान संगठन की एकजुटता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजी 409 की नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने कहा कि, “संघ के स्थापना दिवस का यह अवसर हमारे लिए विशेष है। जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दीदियों ने वर्षों तक विभाग और समाज की सेवा की है, उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। इसी भावना के साथ प्रदेशभर में सेवानिवृत्त दीदियों को सम्मानित करने का आह्वान किया गया है। साथ ही संघ के संस्थापक श्री देवेंद्र पटेल के शीघ्र स्वस्थ होने की हम सभी कामना करते हैं।”
जशपुर जिला मीडिया प्रभारी निशा सिंह ने बताया कि, “स्थापना दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका दीदियों का सम्मान कर उन्हें यह संदेश दिया गया कि संगठन उनकी वर्षों की सेवाओं को हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखता है। लोदाम सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम उत्साह और आत्मीयता के साथ आयोजित किए गए। श्री देवेंद्र पटेल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की गई।”
परियोजना अध्यक्ष लुड़ेग ग्लोरिया एक्का ने बताया कि, “सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका दीदियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समाज और बच्चों की सेवा में लगाया है। स्थापना दिवस पर उनका सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है। भविष्य में भी ऐसी दीदियों के सम्मान और उनके योगदान को याद रखने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर संघ के संस्थापक श्री देवेंद्र पटेल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई।”
*हर वर्ष 22 सितंबर को सेवानिवृत्त दीदियों का होगा सम्मान : प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव की नई पहल*
छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजी 409 की नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने निर्णय लिया है कि संघ के स्थापना दिवस 22 सितंबर के अवसर पर प्रत्येक वर्ष सेवानिवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दीदियों का सम्मान किया जाएगा।
वर्षों तक आंगनबाड़ी के माध्यम से बच्चों, माताओं और समाज की सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त होने वाली कई कार्यकर्ता-सहायिका दीदियां पेंशन जैसी नियमित सामाजिक सुरक्षा के अभाव में जीवनयापन कर रही हैं। ऐसे में उनके सेवाकाल को सम्मान के साथ याद करने और उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 22 सितंबर को सम्मान समारोह आयोजित करने की पहल की गई है।
प्रांताध्यक्ष के इस निर्णय की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के बीच चर्चा और सराहना हो रही है। स्थापना दिवस पर सम्मानित हुईं सेवानिवृत्त कार्यकर्ता-सहायिका दीदियों ने इस पहल के लिए प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों की सेवा के बाद संगठन द्वारा सम्मान मिलना उनके लिए भावनात्मक और गौरवपूर्ण क्षण है।





















