बिना सबूत लगाए जा रहे आरोप लोकतंत्र के खिलाफ: शंकर गुप्ता, कानूनी कार्रवाई की मांग

बिना सबूत लगाए जा रहे आरोप लोकतंत्र के खिलाफ: शंकर गुप्ता, कानूनी कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया पर बेबुनियाद आरोपों से बगिया सीएम हाउस की छवि खराब करने का प्रयास, कार्रवाई की मांग

जशपुर, 01 जुलाई

जिला भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व महामंत्री शंकर गुप्ता ने सोशल मीडिया पर बगिया सीएम हाउस और वहां से जुड़े लोगों के संबंध में प्रसारित की जा रही कथित भ्रामक पोस्टों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बिना किसी तथ्य और प्रमाण के किसी व्यक्ति या संस्था को निशाना बनाना न केवल गैरजिम्मेदाराना है, बल्कि इससे समाज में भ्रम फैलता है और प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचती है।

शंकर गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बगिया सीएम हाउस क्षेत्र की जनसमस्याओं के निराकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। आम नागरिकों की शिकायतों का समाधान प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया पर कर्मचारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अपुष्ट आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि अमित पांडेय नामक फेसबुक आईडी से साझा की गई एक पोस्ट में बगिया सीएम हाउस के प्रभारी आकाश गुप्ता को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आरोपों का कोई प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया गया है और इन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करना उचित नहीं कहा जा सकता।

भाजपा नेता ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास किसी भी प्रकार की शिकायत या साक्ष्य है तो उसके लिए शासन और प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की पूरी व्यवस्था मौजूद है। तथ्यों के बजाय सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत टिप्पणी और आरोप-प्रत्यारोप करना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ, सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और विरोधियों की छवि धूमिल करने की मंशा से भ्रामक पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों से जनमानस को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।

शंकर गुप्ता ने शासन-प्रशासन से मांग की कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर बिना प्रमाण किसी व्यक्ति या संस्था की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।