पहाड़ी कोरवा बस्ती में गूंजी 'मन की बात', जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता बोले— विकास की अंतिम किरण अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना मोदी सरकार का संकल्प
बगीचा। बगीचा मंडल के शाहिडांड शक्ति केंद्र अंतर्गत बूथ क्रमांक 23 स्थित पंडरीपानी की पहाड़ी कोरवा बस्ती रविवार को राष्ट्रभावना और जनभागीदारी के संदेश से सराबोर रही। जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पहाड़ी कोरवा समाज के ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए, जिन्हें ग्रामीणों ने गंभीरता और उत्साह के साथ सुना। कार्यक्रम के बाद जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने पहाड़ी कोरवा परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं जानीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी कोरवा जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों का सम्मान, सशक्तिकरण और समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और जनभागीदारी से जोड़ने वाला एक प्रभावी जनआंदोलन बन चुका है। इससे ग्रामीणों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की नई प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहाड़ी कोरवा समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया।








