कुदमुरा में नए धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ, 409 किसानों को मिलेगी बड़ी राहत; विधायक रायमुनी भगत ने करोड़ों के विकास कार्यों की दी सौगात
कुदमुरा में नए धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ, 409 किसानों को मिलेगी बड़ी राहत; विधायक रायमुनी भगत ने करोड़ों के विकास कार्यों की दी सौगात
विधायक रायमुनी भगत बोलीं– भाजपा सरकार किसानों और गरीबों के हितों के लिए प्रतिबद्ध, ग्रामीणों की मांग पर कई निर्माण कार्यों की घोषणा
साहीडांड - क्षेत्र के किसानों को धान बिक्री में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुदमुरा में नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत की गई। इस केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के आठ ग्रामों के 409 पंजीकृत किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने किसानों को नई सुविधा की बधाई दी और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य गेंद विहारी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर हमेशा संवेदनशील रहते हैं। सरकार किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
मंडल अध्यक्ष हरिश कुमार आरिक ने कहा कि नवीन धान खरीदी केंद्र खुलने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब किसानों को धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों की हर समस्या के प्रति सजग हैं, इसलिए किसी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने क्षेत्र के विकास के नए रास्ते खोले हैं। वहीं माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर काम कर रही है। सरकार की योजनाएं जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करतीं। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सजग निगरानी रखने की अपील की।
कांग्रेस शासनकाल के कार्यों पर विधायक ने साधा निशाना
विधायक रायमुनी भगत ने अपने संबोधन में कांग्रेस शासनकाल के दौरान किसानों के साथ हुए कथित अन्याय और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और गरीब परिवारों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। जन्म से लेकर मृत्यु तक आम परिवारों की चिंता करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति भाजपा सरकार के कार्यकाल में मिली है।
आठ ग्रामों के 409 किसानों को मिलेगा लाभ
नवीन धान खरीदी केंद्र कुदमुरा से आठ ग्रामों के किसानों को सुविधा मिलेगी। इनमें रनपुर, कुदमुरा, जबला सहित राजस्व ग्राम डोंडराही, कुरूमढोढ़ा और चूल्हापानी के किसान शामिल हैं। कुल 409 पंजीकृत किसानों को इस केंद्र का लाभ मिलेगा।
विधायक ने की करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए विधायक रायमुनी भगत ने कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें डिसूजा पुलिया को बजट में शामिल कराने की पहल के साथ ग्राम पंचायत करमा एवं रनपुर में सामुदायिक भवन, सरबकोम्बो में सामुदायिक भवन, जाताटोंगरी में सांस्कृतिक मंच तथा गिरहोल टोंगरी में सांस्कृतिक मंच का निर्माण मार्च तक कराने की घोषणा शामिल है। इन घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, मंडल अध्यक्ष हरिश कुमार आरिक, जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता,महिला मोर्चा अध्यक्ष अहिल्या यादव,श्रीमती चिंता साहू, कुदमुरा सरपंच उषा कालो, उपसरपंच संजय कुमार यादव, रनपुर सरपंच अनिमा एक्का, उपसरपंच राजेंद्र चौहान, करमा सरपंच राजेश नायक,पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष एवं शक्ति केंद्र प्रभारी शिव यादव, महावीर यादव, अमृत कुमार मानिकपुरी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता शम्भू सिंह, प्रबंधक जगदीश यादव, कमलेश शर्मा, ललित यादव, मुरलीधर यादव,टंकेश्वर यादव सहित पंचगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।





















