किराये के मैदान में खेल रहे खिलाड़ी, अब बछराव में मिनी स्टेडियम की मांग ने पकड़ा जोर

किराये के मैदान में खेल रहे खिलाड़ी, अब बछराव में मिनी स्टेडियम की मांग ने पकड़ा जोर

बछराव में खेल मैदान की कमी के बीच मिनी स्टेडियम की उठी मांग

निजी जमीन पर किराये के मैदान में हो रही फुटबॉल प्रतियोगिता, युवाओं ने मिनी स्टेडियम की स्वीकृति और स्कूल के जीर्णोद्धार की मांग उठाई

साहीडांड-ग्राम पंचायत बछराव में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों को बेहतर खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में जिस मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, वह निजी भूमि पर स्थित है, जिसे जमीन मालिक से किराये पर लेकर खेल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ग्रामवासियों और युवाओं ने क्षेत्र में स्थायी खेल सुविधाओं की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। युवाओं का कहना है कि बछराव में बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रतिभाएं मौजूद हैं, लेकिन पर्याप्त और व्यवस्थित खेल मैदान के अभाव में उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित मंच नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में ग्राम पंचायत बछराव में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित हो सकती है।

शासकीय स्कूल के जीर्णोद्धार की भी मांग

ग्रामवासियों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बछराव के जीर्णोद्धार की आवश्यकता भी सामने रखी। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसके भवन एवं आवश्यक सुविधाओं का बेहतर तरीके से विकास किया जाना जरूरी है।

दिलीप सिंह जूदेव की स्मृति में होगी भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता

समापन समारोह के अवसर पर ग्रामवासियों और युवाओं ने एक महत्वपूर्ण संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महान जननायक स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जी की स्मृति में ग्राम पंचायत बछराव में भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

युवाओं ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच देने और स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जी की स्मृतियों को सम्मानपूर्वक जीवंत रखने का माध्यम बनेगी।

बछराव के युवाओं और ग्रामीणों की यह मांग अब प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से उम्मीद लगाए बैठी है कि गांव को अपना स्थायी खेल मैदान और मिनी स्टेडियम मिलेगा, जिससे आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के साथ आगे बढ़ सकें।