जशपुर-बगीचा मुख्य मार्ग साहीडांड के पास हादसे को न्योता दे रहा सूखा आम का पेड़, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना

जशपुर-बगीचा मुख्य मार्ग साहीडांड के पास हादसे को न्योता दे रहा सूखा आम का पेड़, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना

जशपुर-बगीचा मुख्य मार्ग पर हादसे को न्योता दे रहा सूखा आम का पेड़, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना

साहीडांड। जशपुर-बगीचा मुख्य मार्ग साहीडांड के पास सड़क किनारे खड़ा एक विशाल सूखा आम का पेड़ इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि लंबे समय से सूखे इस पेड़ की ओर अब तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर नहीं पड़ी है। पेड़ की सूखी डालियां आए दिन टूटकर सड़क पर गिर रही हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

जशपुर-बगीचा मुख्य मार्ग क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। चारपहिया, दोपहिया, यात्री वाहन, मालवाहक गाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में पैदल राहगीरों का भी लगातार आना-जाना लगा रहता है। ऐसे व्यस्त मार्ग पर विशाल सूखे पेड़ का खड़ा होना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ की सूखी डालियां लगातार कमजोर होकर टूट रही हैं। यदि किसी वाहन के गुजरने के दौरान अचानक कोई भारी डाल टूटकर गिर गई, तो वाहन चालक, राहगीर या दोपहिया सवार इसकी चपेट में आ सकते हैं। वहीं तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ की स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।

लापरवाही के बाद हादसे का इंतजार क्यों?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा? जब सड़क पर प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है और खतरा साफ दिखाई दे रहा है, तो फिर अब तक इस दिशा में पहल क्यों नहीं की गई?

स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और सुरक्षा मानकों के अनुरूप सूखे आम के पेड़ को कटवाकर हटाया जाए। साथ ही आसपास की अन्य खतरनाक सूखी डालियों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

समय रहते हो कार्रवाई, ताकि टल सके बड़ा हादसा

लोगों का कहना है कि किसी अप्रिय घटना के घटित होने से पहले ही प्रशासन और संबंधित विभाग को जिम्मेदारी निभानी चाहिए। सड़क किनारे खड़ा यह सूखा पेड़ कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए पीडब्ल्यूडी विभाग को बिना देर किए इस खतरे को दूर करने की पहल करनी चाहिए, ताकि जशपुर-बगीचा मुख्य मार्ग पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।