धार्मिक आस्था और भक्ति से सराबोर हुआ महादेवडांड, कार्तिक पूर्णिमा पर दीपयज्ञ के साथ पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का शंखनाद
*कार्तिक पूर्णिमा पर शिव मंदिर महादेवडांड में गायत्री परिवार ने किया दीपयज्ञ, महाकाल की भव्य आरती के साथ गायत्री महामंत्र से समर्पित की आहुतियां,महादेवडांड में 5 से 8 दिसंबर तक होगा पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ, कलश शोभायात्रा से होगी शुरुआत**
बगीचा/महादेवडांड,24 दिसंबर
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर महादेवडांड स्थित शिव मंदिर में गायत्री परिवार एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु एवं गायत्री परिजन उपस्थित रहे। महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान महाकाल की भव्य आरती की तथा गायत्री महामंत्र के साथ यज्ञ भगवान को आहुतियां समर्पित कीं। दीपों की रोशनी और वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं व श्रद्धालु उक्त दीपयज्ञ में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्रामवासियों ने आगामी 5 से 8 दिसंबर तक शिव मंदिर प्रांगण, महादेवडांड में पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित करने का सामूहिक संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा अखंड दीप एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इस महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
चार दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 5 दिसंबर को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ होगा। वहीं 6 से 8 दिसंबर तक देवस्थापना, देव आवाहन, यज्ञ-हवन एवं विभिन्न संस्कारों का आयोजन किया जाएगा। इसमें समस्त ग्रामवासी सहभागिता कर सकेंगे।
विशेष बात यह रही कि महादेवडांड में महिलाओं ने नारी शक्ति के नेतृत्व में इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित दीपमहायज्ञ को आगामी पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ की तैयारियों के शुभारंभ के रूप में भी देखा जा रहा है।





















