*कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने किसानों को शीघ्र अपना किसान आईडी कार्ड बनाने की अपील की,कृषि सम्बन्धी शासकीय योजनाओं के लाभ हेतु किसान आईडी कार्ड अनिवार्य*
*कृषि संबंधी शासकीय योजनाओं के लाभ हेतु किसान आईडी कार्ड अनिवार्य*
*कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने किसानों को शीघ्र अपना किसान आईडी कार्ड बनाने की अपील की*
जशपुरनगर, 03 फरवरी 2026/ भारत सरकार द्वारा जारी एग्रीस्टेक के अंतर्गत किसानों के लिए डिजिटल किसान आईडी कार्ड बनाना अनिवार्य किया जा रहा है। निकट भविष्य में समस्त कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान आईडी आवश्यक होगी। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसान आईडी निर्माण हेतु व्यापक जागरूकता प्रसार करने के साथ ही किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना किसान आईडी कार्ड बनवाएं और डिजिटल कृषि को बढ़ावा देने में सहभागी बनें।
डिजिटल किसान आईडी कार्ड के माध्यम से किसानों को फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि अनुदान, सेवा सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय तथा कृषि ऋण जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। किसान अपना डिजिटल किसान आईडी कार्ड बनवाने के लिए बी-1 , आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र में जाकर संपर्क कर सकते हैं।








