संत गहिरा गुरु महाविद्यालय बगीचा में मनाया गया संविधान दिवस, जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश ने दिलाई संविधान की शपथ
संत गहिरा गुरु महाविद्यालय बगीचा में मनाया गया संविधान दिवस, जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश ने दिलाई संविधान की शपथ
संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों पर किया प्रकाश, लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश
बगीचा। संत गहिरा गुरु महाविद्यालय बगीचा में संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद पंचायत बगीचा की अध्यक्ष गायत्री नागेश उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई तथा संविधान के महत्व और उसकी मूल भावना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। यह हमें न केवल अधिकारों के प्रति जागरूक करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की भी प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें उन महान संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देने वाला संविधान तैयार किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
गायत्री नागेश ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को संविधान के बारे में जानकारी रखनी चाहिए। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक ही मजबूत लोकतंत्र और विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को संविधान के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों को समझने और देश के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया गया।





















