जशपुर शहर के सौंदर्यीकरण कार्यों का कलेक्टर रोहित व्यास ने किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी लाने के दिए निर्देश
कलेक्टर रोहित व्यास ने नगर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश
जशपुरनगर 26 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज नगर पालिका जशपुर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रणजीता स्टेडियम के समीप लगभग 64 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सूर्य नमस्कार चौक का अवलोकन किया। उन्होंने चौक के आसपास जमीन में लगे पत्थरों का समतलीकरण करने तथा पेड़ों पर लगी लाइटों को उचित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
साथ ही पौधों में नियमित पानी देने एवं गोबर खाद का छिड़काव करने और नागरिकों की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक एवं बालासाहेब देशपांडे चौक में लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये की लागत से किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने इन कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा करने तथा शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहर को आकर्षक बनाने के लिए सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने नगर में संचालित सौंदर्यीकरण कार्यों को अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर में हो रहे सौंदर्यीकरण कार्य जशपुर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों एवं आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
निरीक्षण के दौरान जशपुर एसडीएम श्री ओंकारेश्वर सिंह, नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





















