घने जंगलों के बीच बसे पुटुकेला में जल जीवन मिशन की सफलता, 134 घरों तक पहुंचा नल का पानी
*सफलता की कहानी*
*जल जीवन मिशन ने बदल दी पुटुकेला गांव की तस्वीर*
*60 KM दूर वनांचल गांव में आज हर घर में नल का शुद्ध पानी*
*जशपुरनगर 10 जून 2026/* जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 60-70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कुनकुरी विकासखण्ड के ग्राम पुटुकेला एक वनांचल क्षेत्र है, जो चारों ओर से घने जंगलों से घिरा हुआ है। भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्राम में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ एवं विकसित किया गया है। ग्राम में स्थापित 4 उच्च स्तरीय जलागारों के माध्यम से 134 फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन द्वारा सभी परिवारों को नियमित रूप से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
पाइप लाइन नेटवर्क के जरिए घर-घर नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को अब पानी के लिए दूरस्थ स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन से पूर्व ग्रामवासी पेयजल के लिए मुख्यतः कुओं तथा अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर थे। महिलाओं और बच्चों को प्रतिदिन पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और श्रम दोनों की अधिक खपत होती थी। गर्मी के मौसम में जल स्रोतों में पानी की कमी हो जाती थी, जबकि वर्षा ऋतु में जल की गुणवत्ता प्रभावित होने से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बन जाता था। इसके कारण जलजनित बीमारियों की आशंका भी बनी रहती थी।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित जल प्रदाय व्यवस्था से ग्राम पुटुकेला में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। अब सभी परिवारों को घर पर ही नल के माध्यम से नियमित रूप से शुद्ध पेयजल प्राप्त हो रहा है। इससे महिलाओं और बच्चों के समय एवं श्रम की बचत हुई है। बच्चे नियमित रूप से विद्यालय जा पा रहे हैं तथा महिलाएं घरेलू कार्यों के साथ-साथ आजीविका संबंधी गतिविधियों में भी अधिक समय दे पा रही हैं।
शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार आया है तथा जलजनित बीमारियों में कमी आई है।
ग्रामवासियों का जीवन अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और खुशहाल हुआ है। जल जीवन मिशन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्राम के सभी परिवारों को नल के माध्यम से नियमित पेयजल उपलब्ध कराए जाने के फलस्वरूप लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम पुटुकेला का घर जल प्रमाणीकरण भी पूर्ण किया जा चुका है। ग्राम पुटुकेला के निवासी जल जीवन मिशन से अत्यंत संतुष्ट हैं और उनका मानना है कि इस योजना ने उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण सकारात्मक परिवर्तन लाया है। इससे ग्रामीणों को नियमित रूप से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर, स्वास्थ्य तथा दैनिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार आया है।








