सरबकोम्बो मे आयोजित सुशासन तिहार में 12 पंचायत के ग्रामीण हुए शामिल,,जनपद उपाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता के ने कहा सरकार की हर योजना का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति को मिले

सरबकोम्बो मे आयोजित सुशासन तिहार में 12 पंचायत के ग्रामीण हुए शामिल,,जनपद उपाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता के ने कहा सरकार की हर योजना का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति को मिले

साहीडांड/बगीचा, 27 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में चल रहे सुशासन तिहार के तहत बुधवार को बगीचा विकासखंड की ग्राम पंचायत सरबकोम्बो में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह से ही शिविर स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। आसपास की 12 पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। किसी को जमीन संबंधी परेशानी थी तो कोई राशन कार्ड, पेंशन, बिजली, पानी, सड़क, कृषि और पशुपालन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन लेकर पहुंचा।

शिविर में प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर आवेदन भी लिए गए। ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार उन्हें एक ही जगह पर इतने विभागों की सेवाएं उपलब्ध हुई हैं, जिससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर का शुभारंभ सरपंच शंकर बरला, हीरालाल प्रधान, रतन साय और जनपद सीईओ विनोद सिंह ने छत्तीसगढ़ महतारी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

अपने संबोधन में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निराकरण करने की बात कही।

जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत कई योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। महतारी वंदन योजना, कृषि उन्नति योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे गांवों तक पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के दौरान जनपद सीईओ विनोद सिंह लगातार विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते रहे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जानकारी देते नजर आए।

इसी बीच शिविर में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। बताया गया कि दोपहर करीब ढाई बजे कुछ विभागों के कर्मचारी समय से पहले ही अपने स्टॉल बंद कर शिविर से चले गए। इसकी जानकारी मिलते ही जनपद सीईओ विनोद सिंह मौके पर पहुंचे और संबंधित कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई कर्मचारी निर्धारित समय से पहले स्टॉल बंद कर अनुपस्थित पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।

शिविर में कुल 553 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 543 मांग संबंधी और 10 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। इनमें से 76 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को राहत दी गई। विभागवार प्राप्त आवेदनों में पंचायत विभाग सबसे आगे रहा, जहां 179 आवेदन मिले। इसके अलावा राजस्व विभाग में 111, पीएचई में 58, विद्युत विभाग में 37, महिला एवं बाल विकास विभाग में 30, कृषि विभाग में 27, वन विभाग में 18, खाद्य विभाग में 13 और अन्य विभागों में भी आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर केवल शिकायत और आवेदन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कई हितग्राहियों को मौके पर योजनाओं का लाभ भी दिया गया। शिक्षा विभाग द्वारा 20 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उद्यान विभाग ने 30 फलदार पौधों का वितरण किया। कृषि विभाग ने 15 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए। वहीं राजस्व विभाग द्वारा ऋण पुस्तिकाएं और खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में सरपंच शंकर राम बरला, हीरालाल प्रधान, रतन साय, सुरेश जैन, शशिकिरण एक्का, अर्जीना बड़ा, आरती खाखा, राजेश नाग, अनिमा एक्का, उषावती बाई, राजेंद्र चौहान, मुरली यादव, नंद किशोर गुप्ता, रजनी देवी जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, उपसरपंच, सचिव और ग्रामीण मौजूद रहे।